छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी देश का बढ़ा रही मान

छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी देश का बढ़ा रही मान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व विजेता बनने में फिजियोथैरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी का अहम योगदान

रायपुर। कवर्धा जिले की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व विजेता बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने X पोस्ट में लिखा कि यह सफलता केवल पूरे देश के लिए गर्व का क्षण नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत विशेष है।

आकांक्षा सत्यवंशी ने फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट के रूप में टीम का हिस्सा बनकर खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इससे पहले वह छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और अंडर-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रह चुकी हैं।

उनकी विशेषज्ञता और समर्पण ने इस ऐतिहासिक जीत में योगदान दिया है और छत्तीसगढ़ की यह बेटी आज पूरे देश का मान बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को छत्तीसगढ़वासियों की ओर से हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।