बुलंदशहर: बुलंदशहर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां बीमार पिता के निधन के कुछ घंटों बाद ही उनके बेटे ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार एक साथ गंगा घाट पर किया गया। घटना जहांगीराबाद नगर के मोहल्ला जटियान, शिशु भारती स्कूल वाली गली की है। यहां के निवासी राजेंद्र प्रजापति मजदूरी करते थे और कुछ समय से बीमार थे। शनिवार शाम को राजेंद्र प्रजापति का निधन हो गया।
राजेंद्र के पुत्र पंकज प्रजापति (26) को पिता की मौत की जानकारी कई घंटों तक नहीं दी गई थी। पंकज कार चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, उनका कुछ वर्ष पूर्व एक्सीडेंट हुआ था, जिसके कारण उनका स्वास्थ्य भी पूरी तरह ठीक नहीं रहता था। पिता की मौत का पता चलने के दो-तीन घंटे बाद पंकज की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता और बेटे का एक साथ अंतिम संस्कार
कुछ ही घंटों के अंतराल में एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत से पूरे परिवार में गहरा दुख छा गया है। मृतक पंकज प्रजापति का एक दो वर्षीय बेटा है और उनकी पत्नी गर्भवती हैं। रविवार सुबह गमगीन माहौल में पिता-पुत्र की अर्थियां अंतिम संस्कार के लिए उठीं। इस देखकर हर किसी की आंख में आंसू थे। दोनों का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर एक साथ किया गया। इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
