रायपुर में आशिक ने प्रेमिका की मां पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल

रायपुर में आशिक ने प्रेमिका की मां पर किया जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल

ब्रेकअप से नाराज युवक और साथी के खिलाफ डीडीनगर थाने में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

रायपुर। प्रेमिका के ब्रेकअप और बातचीत बंद होने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर पूर्व प्रेमिका की मां पर हथौड़ा से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस मामले में डीडीनगर थाने की पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरती विश्वकर्मा, रायपुरा गौरा चौक स्थित यादवपारा निवासी, ने देवेंद्र नगर निवासी दीपक अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरती ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी दीपक से पहचान हुई थी। आरती के घरवाले दीपक को पसंद नहीं करते थे, इसलिए उसने जनवरी में खम्हारडीह में अलग मकान किराए पर लेकर रहने लगी। इस दौरान दीपक ने उससे मारपीट शुरू कर दी, जिससे परेशान होकर आरती ने दीपक से ब्रेकअप किया और वापस अपनी मां के पास चली गई।

आरती ने बताया कि दीपक से बातचीत बंद करने के बाद उसने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर नया सिम लिया। इसके बावजूद दीपक ने आरती की मां के पास कॉल कर बातचीत के लिए दबाव बनाया। जब बातचीत कराने से इनकार किया गया, तो दीपक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शुक्रवार को आरती की मां काम पर जा रही थीं, तभी दीपक उनके सिर पर हथौड़ा से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की तलाशी और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।