PM Kisan Yojana: रोके गए 1 लाख किसानों के पैसे, आपकी भी पीएम किसान की 21वीं किस्त तो नहीं हो रही होल्ड?

पीएम किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) के तहत हर चार महीने में किसानों के खातों में 2,000 रुपये की किस्त भेजी जाती है। पिछली यानी 20वीं किस्त के दौरान केंद्र सरकार ने देशभर के 9.71 करोड़ से ज्यादा किसानों को 20,843 करोड़ रुपये जारी किए थे।

इसके बाद बाढ़ प्रभावित राज्यों – पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर – के किसानों को एडवांस में 21वीं किस्त की रकम भेज दी गई। हालांकि बाकी देश के करीब 9.35 करोड़ किसानों को अभी भी इस किस्त का इंतजार है।

जल्द मिल सकती है 21वीं किस्त

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हालिया बयान के बाद यह उम्मीद बढ़ गई है कि जल्द ही उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल समेत 32 राज्यों के किसानों के खातों में 2,000 रुपये की 21वीं किस्त भेजी जाएगी।

चार राज्यों को एडवांस में मिली राशि

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कुल 35.54 लाख किसानों को 21वीं किस्त के पैसे मिले। जबकि 20वीं किस्त के दौरान इन चारों राज्यों में 36.57 लाख किसानों को लाभ दिया गया था। यानी इस बार 1,02,783 किसानों को किस्त नहीं मिली।

राज्य 21वीं किस्त के लाभार्थी ट्रांसफर राशि (करोड़ रुपये) 20वीं किस्त के लाभार्थी ट्रांसफर राशि (करोड़ रुपये) कितने कम हुए लाभार्थी
1 पंजाब 11,09,895 221.98 11,34,567 387.76 24,672
2 जम्मू-कश्मीर 8,54,586 171 8,73,673 182.71 19,087
3 हिमाचल 8,01,045 160.21 8,29,996 174.94 28,951
4 उत्तराखंड 7,89,128 157.83 8,19,201 182.1 30,073
5 कुल 35,54,654 711.02 36,57,437 927.51 1,02,783

क्यों नहीं आई 2,000 रुपये की किस्त?

कृषि मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, कई किसानों को अस्थायी रूप से भुगतान से बाहर किया गया है। वजह यह है कि कुछ लाभार्थी “बहिष्करण श्रेणी” में आते हैं – यानी योजना के नियमों के तहत वे पात्र नहीं हैं।

इसमें वे किसान शामिल हैं:

  • जिन्होंने 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी या अपने नाम कराई।
  • जिनके परिवार में एक से ज्यादा सदस्य इस योजना का लाभ ले रहे हैं, जैसे पति-पत्नी दोनों।
  • ऐसे मामलों में फिजिकल वेरिफिकेशन पूरी होने तक किस्त रोक दी गई है।

किसान कैसे चेक करें अपना स्टेटस

जो किसान किस्त न मिलने से परेशान हैं, वे “PM Kisan” वेबसाइट पर जाकर “Know Your Status (KYS)” सेक्शन में अपनी स्थिति देख सकते हैं। इसके अलावा PM-KISAN मोबाइल ऐप या “किसान ई-मित्र चैटबॉट” के जरिए भी जानकारी ली जा सकती है।

ये जरूरी काम जल्द करें किसान

अगर किसी किसान को 21वीं किस्त नहीं मिली है, तो वे जल्द ये जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें:

  • बैंक अकाउंट को आधार से लिंक कराएं।
  • आधार लिंक्ड अकाउंट में DBT विकल्प एक्टिव करें।
  • e-KYC और लैंड वेरिफिकेशन पूरी करें।
  • इन सभी शर्तों के पूरे होते ही अगली किस्त समय पर मिल जाएगी।

कौन नहीं हैं पीएम किसान के पात्र

यह योजना केवल छोटे और मध्यम किसानों के लिए है। निम्न लोग इसके पात्र नहीं हैं:

  • सरकारी अधिकारी या कर्मचारी (ग्रुप D और MTS को छोड़कर)
  • मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर या जिला पंचायत अध्यक्ष
  • टैक्स देने वाले व्यक्ति
  • पेशेवर जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट आदि
  • संस्थागत भूमिधारी यानी जिनकी जमीन किसी संस्था या कंपनी के नाम है
  • 10,000 रुपये या उससे ज्यादा पेंशन पाने वाले पेंशनर्स (ग्रुप D और MTS को छोड़कर)

रजिस्ट्रेशन और भुगतान से जुड़ी अहम बातें

किसानों का रजिस्ट्रेशन लगातार जारी है। आवेदन ऑनलाइन पोर्टल, मोबाइल ऐप या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से किया जा सकता है।

राज्य सरकार आवेदन की जांच के बाद उसे मंजूर करती है, जिसके बाद कृषि मंत्रालय सीधे किसान के खाते में पैसा भेजता है। भुगतान PFMS सिस्टम के जरिए होता है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

ई-केवाईसी जरूरी

अब सभी किसानों के लिए e-KYC, आधार लिंकिंग और भूमि सत्यापन जरूरी कर दिया गया है। जिन किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनके भुगतान रोके गए हैं। जैसे ही वेरिफिकेशन पूरा होगा, उन्हें बकाया रकम के साथ किस्त जारी कर दी जाएगी।