नवा रायपुर में पीएम मोदी करेंगे रोड शो, राज्योत्सव में दिखेगी छत्तीसगढ़ की 25 साल की विकास यात्रा

नवा रायपुर में पीएम मोदी करेंगे रोड शो, राज्योत्सव में दिखेगी छत्तीसगढ़ की 25 साल की विकास यात्रा
प्रधानमंत्री के स्वागत में बनेंगे 12 आकर्षक स्वागत द्वार, दिखेगी छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की झलक

रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि नवा रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य रोड शो करेंगे। राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार राज्योत्सव का आयोजन ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से बना छत्तीसगढ़ आज विकास, समृद्धि और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और अधोसंरचना जैसे क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाया जाएगा। नवा रायपुर में 5 दिवसीय राज्योत्सव मनाया जाएगा, जबकि जिला मुख्यालयों में 3 दिवसीय आयोजन होंगे।

साव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं। नवा रायपुर में उनके स्वागत के लिए 12 आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, जिन पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपरा और विकास योजनाओं की झलक नजर आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के स्वागत को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटी है।

उन्होंने यह भी बताया कि बस्तर ओलंपिक की तिथि में बदलाव किया जाएगा, क्योंकि राज्योत्सव के दौरान स्कूलों की छुट्टियाँ और अन्य आयोजन एक साथ होने वाले हैं।