पिता-पुत्र चला रहे थे चोरी का नेटवर्क! महिला सहित 6 शातिर चोर गिरफ्तार, 12 लाख के मोबाइल और जेवरात बरामद

पिता-पुत्र चला रहे थे चोरी का नेटवर्क! महिला सहित 6 शातिर चोर गिरफ्तार, 12 लाख के मोबाइल और जेवरात बरामद

गरियाबंद पुलिस ने ओडिशा से संचालित चोरी गिरोह का किया भंडाफोड़ — साइबर सेल की तकनीकी मॉनिटरिंग से खुली चोरों की पोल

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसे पिता-पुत्र की जोड़ी ऑपरेट कर रही थी। ओडिशा के नवरंगपुर जिले से सक्रिय यह गैंग सूने मकानों और दुकानों को निशाना बनाता था। गरियाबंद पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में —

  • सूरज बारीक (21 वर्ष), उसका पिता भुवनेश्वर बारीक (39 वर्ष)

  • भूपेंद्र नेताम (20 वर्ष), उसका भाई लिंगराज नेताम (22 वर्ष)

  • खरीदार देवाशीष राउत रॉय (देवबंद निवासी)

  • और प्रीत मिस्त्री (रायपुर, परसदा निवासी) शामिल हैं।

इनके खिलाफ अमलीपदर और देवभोग थानों में कुल 4 अपराध दर्ज हैं। आरोपियों ने 31 मार्च से 14 अक्टूबर 2025 के बीच कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से 96 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए जिनकी कीमत 12 लाख 10 हजार रुपये है। साथ ही 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरएक ब्रेजा कार और एक बाइक भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना भुवनेश्वर बारीक देवभोग के राजापारा इलाके में किराए के मकान में रहकर अपने बेटे और दो साथियों के साथ चोरी की रेकी करता था। 14 अक्टूबर को आरोपियों ने अमलीपदर की एक मोबाइल दुकान से 96 मोबाइल चुरा लिए थे। इनमें से 10 मोबाइल देवबंद के व्यापारी को बेच दिए गए, जिनमें से तीन फोन 21 अक्टूबर को एक्टिव पाए गए।

सायबर सेल ने तकनीकी मदद से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद टीम ने देवभोग में छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में चोरों ने देवभोग और उरमाल के दो ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की वारदातों को भी कबूल किया।

पुलिस की टीम ने रायपुर में दबिश देकर चोरी गए 2 किलो चांदी और सोने के गहने भी बरामद किए। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, और मामले की आगे की जांच जारी है।