सुबह पैरावट में जली हुई हालत में मिली बेटी की लाश — बलौदाबाजार में रहस्यमय मौत से फैली सनसनी

सुबह पैरावट में जली हुई हालत में मिली बेटी की लाश — बलौदाबाजार में रहस्यमय मौत से फैली सनसनी

घर का दरवाज़ा बाहर से था बंद, पिता ने जब दरवाजा खुलवाया तो गांव से आई दिल दहला देने वाली खबर — फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

बलौदाबाजार। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम चरौटी में एक युवती की जली हुई लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवती का शव गांव के बाहर बने ब्यारे में रखे पैरावट (पराली के ढेर) के अंदर से बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

मृतका की पहचान चरौटी निवासी तेजस्विनी पटेल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, तेजस्विनी अपने पिता के साथ रहती थी और मजदूरी के लिए बलौदाबाजार जाया करती थी। शुक्रवार रात पिता-पुत्री ने साथ में भोजन किया था। लेकिन शनिवार सुबह जब पिता जागे तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाज़ा बाहर से बंद था, जिससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।

पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा खुलवाया गया, तभी गांव में खबर आई कि एक युवती की जली हुई लाश पैरावट में मिली है। मौके पर पहुंचे पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी तेजस्विनी पटेल के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी समेत पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हत्या और आत्महत्या — दोनों ही एंगल से जांच कर रही है।

गांव में इस घटना से दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे संदिग्ध मामला मान रहे हैं और पुलिस से जल्द से जल्द सच्चाई उजागर करने की मांग कर रहे हैं।