IAS की शिकायत पर भाजयुमो नेता अरेस्ट, फेसबुक पोस्ट पर लगी रोक और हिरासत
घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद पर अभद्र टिप्पणी के बाद नेता अजीत गुप्ता को धारा 151 के तहत हिरासत में लिया गया
रायगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता अजीत गुप्ता को आईएएस अधिकारी के खिलाफ फेसबुक पोस्ट करने के कारण हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उन्हें प्रतिबंधात्मक कार्यवाही के तहत एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
मामला घरघोड़ा अनुविभाग का है। अजीत गुप्ता ने एनटीपीसी लारा परियोजना के विरोध में लगातार प्रदर्शन किया। पांच दिन पहले भी उन्होंने परियोजना के विरोध में आंदोलन किया था। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए थे।
घरघोड़ा में एसडीएम के पद पर आईएएस दुर्गा प्रसाद (2022 बैच, मूलतः उड़ीसा) तैनात हैं। आंदोलन के कुछ दिनों बाद, अजीत गुप्ता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एसडीएम पर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी कर दी। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे प्रशासनिक हलकों में नाराजगी फैली।
शुक्रवार की रात, भाजयुमो नेता को उनके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने बताया कि पुराने आंदोलन के आधार पर शांति भंग की आशंका के चलते उन्हें धारा 151 सीआरपीसी के तहत हिरासत में लिया गया। मुलाहिजा के बाद रात 11 बजे एसडीएम न्यायालय ने रिमांड पर भेजा।
