फ्रेंचाइजी का झांसा… और डॉक्टर हुआ कंगाल! कोरियर कंपनी ने 5 लाख उड़ाए, ठगी का खुलासा

फ्रेंचाइजी का झांसा… और डॉक्टर हुआ कंगाल! कोरियर कंपनी ने 5 लाख उड़ाए, ठगी का खुलासा

बिलासपुर में स्कैम का नया तरीका, भरोसे की कीमत चुकानी पड़ी डॉक्टर को

बिलासपुर। शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर को कोरियर कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर ₹4.89 लाख का चूना लगा दिया गया। भरोसे के साथ शुरू हुई यह साझेदारी ठगी की साज़िश में बदल गई, जिससे डॉक्टर को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।

मामला मंगला आजाद चौक स्थित महामाया विहार निवासी डॉ. लक्ष्मण श्रीवास (31) से जुड़ा है। उन्होंने कोरियर सेवा शुरू करने की इच्छा जताई थी और इसके लिए मध्यप्रदेश के बालाघाट में स्थित ‘एसक्यू लॉजिस्टिक कोरियर कंपनी’ से संपर्क किया।

कंपनी के मालिक समुद्र सिंह भाठी और उनके सहयोगी दुर्गा प्रसाद बांगरे ने डॉक्टर को फ्रेंचाइजी देने का झांसा देते हुए ₹5 लाख की मांग की। डॉक्टर ने उन पर भरोसा जताते हुए अलग-अलग तारीखों में ₹4.89 लाख फोन पे से भेज दिए।

लेकिन पैसे मिलते ही कंपनी ने फ्रेंचाइजी की प्रक्रिया में टालमटोल शुरू कर दी। डॉक्टर द्वारा रकम वापसी की मांग करने पर कंपनी ने 45 दिन में पैसा लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में नई शर्तें रख दीं — कि जब तक किसी और को फ्रेंचाइजी नहीं दी जाती, तब तक रकम नहीं लौटेगी।

सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि कंपनी ने किसी तरह का एग्रीमेंट तक नहीं किया था, जो तय नियमों का उल्लंघन था।

लंबे इंतज़ार और लगातार बहानों से परेशान होकर अंततः डॉ. श्रीवास ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद कंपनी मालिक और उसके सहयोगी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामले ने शहर में यह सवाल खड़ा कर दिया है — “क्या अब भरोसे की भी रसीद चाहिए?”