अचानक बदले पुलिस थानों के कप्तान! सरगुजा एसपी ने 6 निरीक्षकों का किया तबादला, कोतवाली-लखनपुर के टीआई की अदला-बदली

अंबिकापुर:  सरगुजा जिले में पुलिस विभाग के भीतर एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने जिले के 6 निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। इस तबादला सूची में कोतवाली टीआई मनीष परिहार और लखनपुर टीआई शशिकांत सिन्हा जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

जारी आदेश के मुताबिक, लखनपुर के टीआई शशिकांत सिन्हा को अब अंबिकापुर कोतवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मनीष परिहार को कोतवाली से हटाकर लखनपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह निरीक्षक अजय कुमार खेस को रक्षित केंद्र से आजाक थाना प्रभारी अंबिकापुर बनाया गया है, जबकि निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे को आजाक थाना प्रभारी से रक्षित केंद्र भेजा गया है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम का प्रभारी भी बनाया गया है।

वहीं निरीक्षक आर.सी. चंद्रा को रक्षित केंद्र से थाना प्रभारी सीतापुर और राजेश खलखो को रक्षित केंद्र से थाना प्रभारी दरिमा के पद पर पदस्थ किया गया है।इन तबादलों से जिले के कई थानों में नई ऊर्जा और प्रशासनिक सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।