रायपुर में महिला से 6 लाख की ठगी…कम ब्याज लोन और दुकान दिलाने का दिया झांसा, पुलिस ने मामला दर्ज किया…

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला 6 लाख रुपए की ठगी की शिकार हो गई। टिकरापारा थाना क्षेत्र की इस घटना में आरोपी महिला खुशबू सोनी पर बैंक से कम ब्याज पर मुद्रा लोन और दुकान दिलाने के नाम पर ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 318-4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

कैसे हुई ठगी?

रावतपुरा फेस-2 कॉलोनी निवासी किरण जैसवार ने 2023 में आरोपी महिला से परिचय होने की जानकारी दी। उस समय वह पेस्ट्री की छोटी दुकान चलाती थीं। बड़े दुकान की चाहत में किरण ने खुशबू सोनी से चर्चा की, तो उसने भरोसा दिलाया कि वह बैंक से लोन और दुकान दिला देगी।

खुशबू के झांसे में आकर किरण ने आईडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया और सभी चेकों पर हस्ताक्षर कर दिए। आरोपी महिला ने लोन और दुकान के नाम पर बार-बार उन्हें टालमटोल किया और एक साल तक घुमाती रही।

दुकान का दिखावा और रजिस्ट्री का खेल

शिकायतकर्ता के अनुसार, बार-बार दबाव बनाने पर खुशबू अपने साथी के साथ बस स्टैंड स्थित 17 नंबर दुकान दिखाकर रजिस्ट्री के लिए बुलाती रही, लेकिन रजिस्ट्री आज तक नहीं हुई।

इस दौरान उसने मुद्रा लोन के नाम पर कई बार कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाए और बैंक से 6 लाख रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं, नवंबर 2023 में लोन और दुकान दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपए ऑनलाइन भी ले लिए।

पुलिस की कार्रवाई

टिकरापारा थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और विवेचना जारी है। पुलिस अब आरोपी महिला और उसके साथियों की भूमिका की जांच कर रही है।