रायपुर। भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव द्वारा लाइव टीवी शो में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने के बाद सियासत गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाना पहुंचकर प्रवक्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे थाने का घेराव करेंगे।
विकास उपाध्याय का बयान
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और उनके परिवार में पहले ही दो लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने भाजपा पर गोडसे की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महात्मा गांधी की तरह ही राहुल गांधी को भी धमकी दी जा रही है। उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस FIR दर्ज होने तक शांत नहीं बैठेगी।
कांग्रेस का आक्रोश
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गिरीश दुबे ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ FIR नहीं हुई तो थाने का घेराव होगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा – ‘गांधी बनने में एक उम्र लग जाती है, गोडसे होना तो एक पल की कायरता है।’ उन्होंने भाजपा पर गोडसेवादी विचारधारा को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
“गांधी” बनने में एक उम्र लग जाती है.
‘गोडसे’ होना तो एक पल की कायरता है.“गोडसेवादी” भाजपा के एक प्रवक्ता द्वारा लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष, जननायक श्री राहुल गांधी जी को जान से मारने की धमकी देना उनके प्रशिक्षण, उनकी परवरिश और उनके पूर्वजों की सीख को दर्शाता है.
ऐसे तत्वों पर…
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) September 29, 2025
राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिक्रियाएं
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी को भी महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी की तरह गोली मारने की तैयारी हो रही है? वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जब भाजपा वैचारिक लड़ाई हार जाती है तो उसके नेता हिंसा और धमकियों का सहारा लेते हैं।
भाजपा पर उठे सवाल
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा प्रवक्ता की इस धमकी के बाद भी पार्टी और शीर्ष नेतृत्व चुप है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि राहुल गांधी देश की आवाज हैं और उनके खिलाफ दी गई धमकी पूरे लोकतंत्र पर हमला है।
