रायपुर: उधना (गुजरात) से ब्रह्मपुर (ओडिशा) के बीच छत्तीसगढ़ की पहली अत्याधुनिक नॉन-एसी स्लीपर ट्रेन – अमृत भारत एक्सप्रेस 27 सितंबर से पटरी पर दौड़ने लगी है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने ब्रह्मपुर से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, वहीं उधना से रेल मंत्री ने रवाना किया।
5 अक्टूबर से यह ट्रेन नियमित सेवा के रूप में चलना शुरू करेगी और इसकी बुकिंग अब से शुरू हो गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन आम आदमी को किफायती किराए में आधुनिक सुविधाओं का अनुभव कराएगी।
उधना से चलने वाली इस ट्रेन का रूट नंदुरबार, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, रायपुर, टिटलागढ़, रायगड़ा, विजयनगरम और पालासा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर स्टॉप रखती है।
अमृत भारत एक्सप्रेस की खासियतें:
यात्री सुविधाएं: अग्निरोधी सीटें, यूएसबी टाइप-ए और टाइप-सी चार्जिंग पॉइंट, स्नैक ट्रे, एलईडी लाइटिंग, रेडियम स्ट्रिप्स।
टॉयलेट: नॉन-एसी एलएचबी कोचों में मॉड्यूलर टॉयलेट, वैक्यूम सिस्टम, परफ्यूम डिस्पेंसर और पानी सेंसर।
पेंट्री कार: कॉम्बी ओवन, इंडक्शन प्लेट, वोक, और इलेक्ट्रिक रूम में अग्नि-निरोधक व्यवस्था।
सुरक्षा: सभी डिब्बों में CCTV, एलईडी गंतव्य बोर्ड, आपातकालीन सुविधाएं, EP आधारित ब्रेक सिस्टम।
कोच डिज़ाइन: 22 कोच – स्लीपर, जनरल, पेंट्रीकार, दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल कोच, प्रत्येक बर्थ तक सुरक्षित सीढ़ी।
क्षमता व गति: 1,800 यात्री बैठने की क्षमता, 130 किमी/घंटा स्पीड, दोनों सिरों पर WAP-5 इंजन, इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम।
विशेष डिज़ाइन: सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, झटके-रहित यात्रा, सीलबंद गैंगवे, एल्युमीनियम इंटीरियर और उन्नत यात्री सुविधाएं।
इस ट्रेन के आने से छत्तीसगढ़ में सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा का नया अध्याय शुरू हो गया है। यात्रियों को अब लंबी दूरी की यात्रा में किफायती और शानदार सुविधाओं का अनुभव मिलेगा।
