कुआलालंपुर। स्पेशल ओलंपिक्स एशिया पैसिफिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और तीन रजत पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता 16 से 20 सितंबर तक मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित स्टेडियम जुआरा, बुकीत किआरा में आयोजित हुई, जिसमें 10 देशों के एथलीट्स ने भाग लिया।
भारतीय एथलीट चान्वी शर्मा ने महिला एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा उन्होंने सुजिता सुकुमारन के साथ मिलकर महिला युगल वर्ग में रजत पदक भी हासिल किया। पुरुष वर्ग में अंकित दलाल ने पुरुष एकल में रजत पदक जीता और अमल बेजू के साथ मिलकर पुरुष युगल वर्ग में भी रजत पदक प्राप्त किया।
समापन समारोह में भारत के उच्चायुक्त बीएन रेड्डी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी। स्पेशल ओलंपिक्स भारत की अध्यक्ष ने कहा,
“हम अपने खिलाड़ियों की इस सफलता पर बेहद गर्व महसूस करते हैं। हमारे एथलीट्स ने साहस, धैर्य और टीम स्पिरिट का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है। यह उपलब्धि भारत भर के युवाओं को प्रेरित करेगी।”
इस प्रतियोगिता में कुल 10 देशों के 80 खिलाड़ी हिस्सा लिए, जिनमें 63 एथलीट और 17 यूनिफाइड पार्टनर्स शामिल थे। भारतीय खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल राष्ट्रीय गौरव बढ़ाती है, बल्कि स्पेशल एथलीट्स के साहस और समर्पण की मिसाल भी पेश करती है।
