बड़ी खबर: लोहे का पहाड़ बना मौत का जाल, 6 मजदूरों की चीखों के बीच निकले खून से सने शव

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सिलतरा चौकी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन गोदावरी स्टील प्लांट अचानक चीख-पुकार से गूंज उठा, जब फैक्ट्री के अंदर हैवी मशीनरी का एक विशाल टुकड़ा टूटकर मजदूरों पर जा गिरा।

कुछ ही सेकंड में चारों तरफ अंधेरा, धुआं और चीखों का माहौल बन गया। इस भीषण हादसे में अब तक 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक, मशीन के नीचे दबे मजदूरों की लाशें बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गईं। दो शव तो इतने बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी हड्डियां तक साफ नजर आ रही हैं।

दर्जनभर से अधिक मजदूर मलबे में दबे रहे, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें राजधानी के निजी और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल पर मातम का माहौल है। फैक्ट्री के गेट पर रोते-बिलखते परिजन इकट्ठा हो गए हैं। पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में हुई इस दुर्घटना ने सुरक्षा इंतज़ामों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।