तालाब में कपड़ा कारोबारी की रहस्यमयी मौत! सुबह की सैर बनी आख़िरी…

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह का नज़ारा देखते ही इलाके में दहशत फैल गई। रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले कपड़ा कारोबारी जुगल अग्रवाल की लाश अचानक राधासागर तालाब में तैरती हुई मिली। इस घटना ने पूरे कस्बे को सन्न कर दिया है।

आंखों देखा हाल बताने वालों का कहना है कि कुछ बच्चों ने उन्हें तालाब से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौत ने व्यापारी को अपनी गिरफ्त में ले लिया था।

प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि जुगल अग्रवाल सुबह टहलने के दौरान तालाब पर पहुंचे और हाथ-पैर धोने लगे। तभी अचानक फिसलकर पानी में गिर पड़े और उनकी जान चली गई। हालांकि आसपास के लोग इस मौत को लेकर अलग-अलग आशंकाएं भी जता रहे हैं।

मृतक जुगल अग्रवाल कटघोरा निवासी थे और अंबिकापुर–कटघोरा मार्ग पर “जुगल क्लॉथ स्टोर” नाम से कपड़े की दुकान चलाते थे। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि परिजनों को खबर दे दी गई है और मौत की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

अब सवाल यह है कि यह सिर्फ़ एक हादसा था… या इसके पीछे कोई राज़ छिपा है?