रायगढ़। अब रायगढ़ में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण में आम जनता भी भागीदार बन सकती है। जिले में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लागू किया जा रहा है, जिसके जरिए नागरिक अपने मोबाइल फोन से अवैध पार्किंग की शिकायत दर्ज कर सीधे ई-चालान जारी करवा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अक्सर वाहन चालकों द्वारा सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग करने से जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बन जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए आईटीएमएस के तहत एम-परिवहन ऐप का उपयोग किया जाएगा।
नागरिकों को केवल 10–15 सेकंड का वीडियो बनाना होगा और ऐप में अपलोड करना होगा। सूचना सीधे ट्रैफिक पुलिस तक पहुंचेगी और सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापन के बाद वाहन स्वामी के खिलाफ ई-चालान जनरेट होगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। मौके पर एम-परिवहन ऐप के उपयोग और ई-चालान भुगतान प्रक्रिया के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि एम-परिवहन ऐप का सक्रिय उपयोग करें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए।
