अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक छात्रा ने अपनी ही बहन से हुए विवाद के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है और गाँव के लोग अब भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि इतनी छोटी-सी बात पर छात्रा ने अपनी जिंदगी खत्म कर ली।
इलाज के दौरान थमी साँसे
जानकारी के मुताबिक, लखनपुर थाना क्षेत्र के अंधला गाँव की रहने वाली छात्रा का अपनी बड़ी बहन से मोबाइल को लेकर विवाद हो गया था। नाराज़ होकर बड़ी बहन ने छात्रा का मोबाइल छुपा दिया। इसी बात से आहत होकर छात्रा ने घर में रखा जहर खा लिया। हालत बिगड़ते ही परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया।
हैरान कर देने वाली वजह
जांच में सामने आया कि छात्रा की मौत के पीछे वजह सिर्फ मोबाइल छुपाना थी। इस खुलासे ने हर किसी को हिला दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद शव को परिजनों को सौंपकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
परिवार में मातम
घटना के बाद से छात्रा के घर में मातम पसरा हुआ है। मां-बाप रो-रोकर बेसुध हो चुके हैं। ग्रामीण भी स्तब्ध हैं कि एक नन्ही-सी नाराज़गी कैसे मौत की वजह बन गई।
