जादू-टोना के शक में बेटे ने मां की की हत्या, तांत्रिक के कहने पर दिया टंगिया से वार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चकरभाठा थाना क्षेत्र के सरवानी गांव में एक भयंकर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बेटे ने जादू-टोना के शक में अपनी मां की हत्या कर दी। आरोपी विष्णु कैवट ने अपने बच्चों की तबियत खराब होने का आरोप अपनी मां पर लगाया और तांत्रिक के कहने पर धारदार टंगिया से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

घटना के बाद विष्णु सीधे चकरभाठा थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

घटना का पूरा विवरण

जानकारी के अनुसार, विष्णु कैवट अपने बच्चों की तबियत लगातार खराब रहने से परेशान था। इलाज के लिए वह किसी तांत्रिक के पास गया, जिसने कहा कि बच्चों की तबियत मां के जादू-टोना की वजह से खराब हो रही है। परेशान होकर और तांत्रिक के कहने पर विष्णु ने अपनी मां पर हमला किया।

थाने में पूछताछ के दौरान विष्णु ने बताया, “मेरे बच्चों की तबियत मेरी मां की वजह से खराब थी। कई बार समझाया, जब नहीं मानी तो गुस्से में आकर टंगिया से वार कर उनकी हत्या कर दी।”

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और परिवार के सदस्यों से बयान लिया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि मामले में तांत्रिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

गांव में सनसनी

सरवानी गांव में इस हत्या की खबर फैलते ही सन्नाटा और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इस घटना को बहुत ही भयानक और हृदय विदारक बताया।

यह घटना तांत्रिक के गलत प्रभाव और अंधविश्वास के खतरों की ओर भी इशारा करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी समस्या में अंधविश्वास या तांत्रिकों पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की हिंसा से बचें।