नई दिल्ली। 9 सितंबर को लॉन्च हुई और 19 सितंबर से बिक्री में आई iPhone 17 सीरीज को लेकर ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह था। लेकिन शुरुआत के कुछ ही दिनों में नए iPhone Air ने यूजर्स को झटका दे दिया है। दरअसल, इसके कैमरा में एक ऐसा बग सामने आया है, जिसने लाखों खर्च करने वाले ग्राहकों को परेशान कर दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone Air से ली गई कई तस्वीरों में अजीब खामियाँ नज़र आ रही हैं। एक टेक जर्नलिस्ट ने अपने रिव्यू में खुलासा किया कि कॉन्सर्ट जैसी जगहों पर LED डिस्प्ले की फोटो लेते समय हर 10 में से एक तस्वीर का कुछ हिस्सा पूरी तरह काला हो जा रहा है। कहीं अजीब से डिब्बे बन रहे हैं तो कहीं सफेद लकीरें दिखाई देती हैं।
Apple ने भी इस बग को स्वीकार किया है। कंपनी का कहना है कि यह दिक्कत कुछ खास लाइटिंग कंडीशन में ही आती है और यह सिर्फ सॉफ्टवेयर बग है। इसे ठीक कर लिया गया है और अगली अपडेट में इसका फिक्स रोलआउट कर दिया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने अपडेट की तारीख को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
iPhone Air, सीरीज का सबसे हल्का और पतला मॉडल है। इसकी मोटाई मात्र 5.6mm है और इसमें 6.5 इंच की प्रोमोशन स्क्रीन, 48MP का सिंगल रियर कैमरा और 18MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। A19 Pro चिपसेट से लैस इस फोन की भारत में शुरुआती कीमत ₹1,19,900 रखी गई है।
लेकिन अब सवाल ये है कि क्या इतनी महंगी कीमत के बावजूद Apple का नया Air मॉडल शुरुआती दौर में ही ग्राहकों का भरोसा खो देगा?
