CG BREAKING: 170 फर्जी फर्मों का जाल! करोड़ों का Tax घोटाला…छापेमारी में निकला 1.64 करोड़ कैश और सोने का खजाना

रायपुर: छत्तीसगढ़ में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। विभाग ने 170 से ज्यादा बोगस फर्म बनाकर करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी करने वाले एक खतरनाक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इसका मास्टरमाइंड बताया जा रहा है मो. फरहान सोरठिया, जो कर सलाहकार के रूप में काम कर रहा था।

जीएसटी की बीआईयू टीम पिछले एक महीने से इस नेटवर्क पर नजर रख रही थी। 12 सितंबर को फरहान के दफ्तर पर छापेमारी हुई, जहां से 172 फर्मों के पंजीयन से जुड़े कागजात मिले। जांच में सामने आया कि फरहान ने कर्मचारियों की मदद से फर्जी किरायानामा, सहमति पत्र और एफिडेविट बनवाकर बोगस रजिस्ट्रेशन कराया था।

सिर्फ 26 फर्मों से ही 822 करोड़ रुपए का ई-वे बिल जनरेट किया गया, जबकि वास्तविक टर्नओवर मात्र 106 करोड़ दिखाया गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, सरकार को लगभग 100 करोड़ रुपए का जीएसटी नुकसान हुआ है।

17 सितंबर को फरहान के चाचा मो. अब्दुल लतीफ सोरठिया के घर पर दबिश दी गई। यहां से विभागीय टीम को 1.64 करोड़ रुपए नकद और 400 ग्राम सोना मिला, जिसे जब्त कर आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं था, बल्कि पंजाब, असम, मणिपुर और ओडिशा तक फैला हुआ था। फिलहाल विभाग इस घोटाले से जुड़े ब्रोकर, स्क्रैप डीलर और टैक्स क्रेडिट का फायदा लेने वाली कंपनियों की गहन जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़ी कार्रवाई हो सकती है।