सेंट जॉन्स स्कूल में छात्रा के साथ मारपीट का मामला, 11वीं की छात्राओं की पिटाई, परिजनों में आक्रोश

अंबिकापुर : शहर के नवापारा स्थित सेंट जोन्स हायर सेकेंडरी स्कूल में 11वीं की छात्राओं के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। केमेस्ट्री की क्लास के दौरान शिक्षिका ने कथित रूप से 15 छात्राओं को बांस की छड़ी से पीटा, जिससे कई छात्राओं के हाथ में सूजन और पीठ पर चोट के निशान आ गए।

घटना बीते 31 जुलाई की बताई जा रही है, जब शिक्षिका निर्मला मैडम केमेस्ट्री पढ़ा रही थीं। जानकारी के अनुसार, छात्राएं नोट्स रफ कॉपी में लिख रही थीं, जिसे देखकर शिक्षिका नाराज़ हो गईं और कक्षा में मौजूद छात्राओं को खड़ा कर शारीरिक दंड देना शुरू कर दिया। पास में रखी बांस की लकड़ी से उन्होंने छात्राओं के हाथ और पीठ पर वार किए।

पीड़ित छात्रा गरिमा बेदी ने बताया कि उसके हाथ में सूजन आ गई है और वह स्कूल जाने से डर रही है। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने स्कूल पहुँच कर नाराज़गी जताई और शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि बच्चों को गाय-बैल की तरह पीटा गया, जो कि निंदनीय है। अन्य छात्राओं के परिजनों ने भी शिकायत दर्ज कराई है और कहा कि उनकी बच्चियाँ भय के कारण स्कूल जाने से इनकार कर रही हैं।

घटना की शिकायत चाइल्ड लाइन और जिला शिक्षा अधिकारी से की गई है। हालांकि अब तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

स्कूल के प्रिंसिपल पीटर खेस ने परिजनों से माफी मांगते हुए कहा है, बच्चों को शारीरिक दंड देना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। हमने संबंधित शिक्षिका से बात की है और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने कहा कि इस संबंध में कोई शिकायत अब तक प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा मामला सामने आता है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।